देशभर के युवा खिलाड़ी दिखाएंगे दम, विजेता और उपविजेता टीमों को मिलेगा सीबीएसई नेशनल में खेलने का मौका।
रांची: झारखंड के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शामिल जवाहर विद्या मंदिर श्यामली अपनी हीरक जयंती वर्ष के अवसर पर 30 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक CBSE क्लस्टर-III टेबल टेनिस टूर्नामेंट 2026 का आयोजन करने जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के स्कूलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर बुधवार को विद्यालय के दयानंद सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित कर तैयारियों की जानकारी दी गई।
प्रतियोगिता बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में आयोजित होगी। सभी मुकाबले टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के नियमों के अनुसार ITTF स्वीकृत गेंदों के साथ नॉक-आउट प्रारूप में खेले जाएंगे।
इस प्रतियोगिता का महत्व इसलिए भी खास है क्योंकि क्लस्टर स्तर पर विजेता और उपविजेता टीमें तथा व्यक्तिगत स्पर्धा के शीर्ष चार खिलाड़ी सीधे CBSE नेशनल टेबल टेनिस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेंगे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य एवं आयोजन समिति के उपाध्यक्ष बी.एन. झा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और खेल भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान Mahendra Singh Dhoni जैसे पूर्व छात्रों की उपलब्धियां विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि 6000 से अधिक विद्यार्थियों वाले संस्थान के लिए इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी करना गर्व और जिम्मेदारी दोनों है।
आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक मेकॉन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार वर्मा हैं। वहीं संरक्षक के रूप में मुकेश कुमार और सीबीएसई रांची के क्षेत्रीय अधिकारी राम वीर सिंह जुड़े हैं। आयोजन सचिव की जिम्मेदारी डॉ. मोती प्रसाद निभा रहे हैं, जबकि उप-प्राचार्य अनुपमा श्रीवास्तव सहित विद्यालय के विभिन्न विभाग आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
विद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सीबीएसई अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन का विश्वास जताया है।