जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और एक आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ा हादसा टल गया। चेन स्नेचिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्तौल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार बरामदगी के दौरान वारदात
जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना के बाद पुलिस ने पीछा कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें हरपाल उर्फ गबरू भी शामिल था। पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल के समीप एक स्थान पर हथियार बरामदगी के लिए पहुंची थी।
आरोपी ने छीनी सर्विस पिस्तौल
बरामदगी की कार्रवाई के दौरान आरोपी हरपाल उर्फ गबरू ने अचानक पुलिसकर्मी सुशांत सुंडी की सर्विस पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने लगातार तीन राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि, पुलिसकर्मी और अन्य जवान बाल-बाल बच गए और कोई हताहत नहीं हुआ।
टाइगर मोबाइल जवान ने संभाला मोर्चा
घटना के दौरान मौके पर मौजूद टाइगर मोबाइल जवान शम्स तबरेज ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जवाबी फायरिंग की। पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा अपने कब्जे में ले लिया।
अस्पताल में इलाज, गिरोह की तलाश जारी
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे सिदगोड़ा इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है। चेन स्नेचिंग गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और उनके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।