Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

सावन की पहली सोमवारी पर मौसम सुहाना बाबा धाम बासुकीनाथ में बारिश की फुहार शिवभक्तों को मिलेगी राहत…

रांची: सावन की पहली सोमवारी पर झारखंड के लाखों शिवभक्तों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार (3 अगस्त) को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। खासकर बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) और बासुकीनाथ धाम (दुमका) में बारिश की फुहारें कांवड़ियों और जलार्पण करने पहुंचे श्रद्धालुओं को उमस और गर्मी से राहत देंगी।

मौसम केंद्र के अनुसार देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं मेघ गर्जन और तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

4 अगस्त को और बढ़ेगा बारिश का असर

मौसम विभाग के मुताबिक 4 अगस्त को झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश का दायरा और बढ़ जाएगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और बोकारो के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में सड़क मार्ग से यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

5 अगस्त को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

5 अगस्त को भी पूरे राज्य में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। वहीं देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं होगी। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सावन के दूसरे सप्ताह की शुरुआत अपेक्षाकृत ठंडे और सुहावने मौसम के साथ होने के आसार हैं।

बारिश के इस अनुकूल मौसम से जहां कांवड़ यात्रा और जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, वहीं मौसम विभाग ने गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की भी सलाह दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top