पटना:
बिहार में गंगा समेत प्रमुख नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर राज्य सरकार ने निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को जेपी गंगा पथ पहुंचकर गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आम लोगों की सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट है। अगले 48 घंटे तक विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। साथ ही नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार गंगा, गंडक और सोन नदियों में रिकॉर्ड पानी आया है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति तब है, जब इस वर्ष बिहार में सामान्य से करीब 32 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत और बचाव कार्य में पूरी तरह मुस्तैद है।
राहत और बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए एयरफोर्स से भी मदद मांगी गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद लोगों तक समय पर राहत पहुंचाई जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।