रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 6 जून से दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला झारखंड प्रवास होगा, जिसे लेकर प्रदेश भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं।

प्रदेश कार्यालय में हुई अहम बैठक
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के प्रत्येक कार्यक्रम की समीक्षा की गई और नेताओं व कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
ऐसा रहेगा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि 6 जून को नितिन नबीन पूर्वाह्न 11:30 बजे सेवा विमान से रांची पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे एयरपोर्ट परिसर के समीप वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
दौरे के दौरान वे भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर, भगवान बिरसा मुंडा और वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर संगठनात्मक बैठकों और प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
रजरप्पा में करेंगे पूजा-अर्चना
अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन 7 जून को राष्ट्रीय अध्यक्ष रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।
कार्यकर्ताओं में दिख रहा उत्साह
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और पूरे प्रदेश में उनके स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
वहीं प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि बैठक में दौरे की सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन का झारखंड, विशेषकर रांची से विशेष लगाव रहा है। उनका जन्म और शिक्षा-दीक्षा रांची में हुई है, इसलिए राज्य से उनका आत्मीय संबंध है।
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
भाजपा नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा। उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर संगठन को मजबूती प्रदान होगी।