पटना: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 1 अक्टूबर को पटना आएंगे। बिहार दौरे के दौरान वह राज्य में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने और निर्माण कार्य में आ रही अड़चनों को दूर करने पर चर्चा होगी।
सीएम आवास में होगी समीक्षा बैठक
नितिन गडकरी की समीक्षा बैठक मुख्यमंत्री आवास में होगी। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। राज्य में चल रही एनएच परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति, निर्माण की प्रगति और समय पर काम पूरा करने से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।
बिहार सरकार रखेगी अपनी मांगें
बैठक में राज्य सरकार बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी अपनी मांगें केंद्रीय मंत्री के सामने रखेगी। पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी देने का भी आग्रह किया जाएगा। प्रस्तावित और लंबित एनएच परियोजनाओं को लेकर केंद्र स्तर पर आगे की प्रक्रिया तेज करने पर जोर रहेगा।
तैयार हो रही परियोजनाओं की रिपोर्ट
समीक्षा बैठक के लिए पथ निर्माण विभाग एनएच परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है। इसमें परियोजनाओं की प्रगति और प्रमुख समस्याओं की जानकारी शामिल की जा रही है। इसी रिपोर्ट के आधार पर बैठक में परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा होगी।
इन्वेस्टर समिट में भी शामिल होंगे गडकरी
एनएच परियोजनाओं की समीक्षा से पहले नितिन गडकरी पटना में आयोजित ‘राइजिंग बिहार-इन्वेस्टर समिट’ में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में एनएच परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक होगी।