नई दिल्ली : NEET-UG 2026 पुनर्परीक्षा से पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) एक बार फिर विवादों में घिर गई है। परीक्षा केंद्र आवंटन को लेकर सामने आए एक नए मामले ने एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महाराष्ट्र के नागपुर निवासी छात्र अब्दुल्लाह मोहम्मद तालिब को 21 जून को होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा के लिए भारत के बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबूधाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया है। इस अप्रत्याशित आवंटन से छात्र और उसका परिवार हैरान है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना उसके लिए संभव नहीं है। परिवार ने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताते हुए NTA से तत्काल हस्तक्षेप कर परीक्षा केंद्र बदलने की मांग की है।
गौरतलब है कि NEET-UG 2026 को लेकर पहले से ही पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में पुनर्परीक्षा से ठीक पहले सामने आए इस मामले ने NTA की तैयारियों पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
21 जून को आयोजित होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए NTA ने नए एडमिट कार्ड जारी किए हैं। वहीं देशभर के परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष तैयारियां और मॉक ड्रिल भी कराई जा रही हैं। अब सभी की नजर NTA की अगली कार्रवाई पर टिकी है।