जमशेदपुर: झारखंड की राजनीति में बयानबाजी को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भाजपा विधायक पूर्णिमा दास ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस टिप्पणी को अमर्यादित और असम्मानजनक बताते हुए JMM से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

विधायक पूर्णिमा दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, वरिष्ठ जननेता और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास के लिए जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया है, वह बेहद निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी व्यक्ति विशेष पर अपमानजनक टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। एक जिम्मेदार राजनीतिक दल से इस तरह की भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
पूर्णिमा दास ने JMM नेतृत्व से मांग की कि वह इस आपत्तिजनक पोस्ट को तत्काल हटाए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि झारखंड की राजनीति संवाद, तर्क और जनहित के मुद्दों पर आधारित होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और अभद्र भाषा पर।
भाजपा विधायक ने अपने बयान में रघुवर दास के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा और जनसमर्पण का प्रतीक रहा है। ऐसे नेता का अपमान केवल उनका नहीं, बल्कि उन लाखों कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भी अपमान है जो उन्हें अपना मार्गदर्शक मानते हैं।
अपने पोस्ट के अंत में पूर्णिमा दास ने लिखा, “जब तर्क समाप्त हो जाते हैं, तब अपशब्दों का सहारा लिया जाता है।”
गौरतलब है कि पिछले दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए JMM की ओर से की गई एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद भाजपा नेताओं ने लगातार इसका विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया है। :::