Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

धनबाद के चौधरी स्वीट्स में भीषण आग लाखों का नुकसान

शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर लीकेज? जांच में जुटा प्रशासन

धनबाद: धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मशहूर चौधरी स्वीट्स में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और इलाके में धुआं फैल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। दुकान संचालक बबलू के अनुसार इस हादसे में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब सात बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

दुकान संचालक ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है। उनका कहना है कि बिजली की खराबी के कारण आग लगी और दुकान में रखा पूरा सामान जल गया। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि दुकान में तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से आग लगी। लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान के बाहर अवैध तरीके से बड़े-बड़े चूल्हे लगाए जाते हैं, जिससे इलाके में हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के ऊपर एक बुजुर्ग दंपति रहते हैं। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली।

फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध रूप से संचालित चूल्हों की जांच की मांग की है।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top