Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

रांची में पुलिस अधिकारी के घर बड़ी चोरी बीस लाख से अधिक के जेवर और नकदी गायब…

रांची: राजधानी रांची में चोरों ने पुलिस अधिकारी के बंद मकान को निशाना बनाते हुए 20 लाख रुपये से अधिक की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल कंपाउंड की है, जहां हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बंद मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता का मकान बंद था। इसी का फायदा उठाकर तीन से चार अपराधियों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने घर के अलग-अलग कमरों में रखे सामान की तलाशी ली और कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।

वारदात के दौरान अपराधियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की भी कोशिश की। हालांकि, उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गईं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

घर में बिखरा मिला सामान, 20 लाख से अधिक की चोरी

सब-इंस्पेक्टर के एक रिश्तेदार के मुताबिक, सुबह घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखकर वे अंदर पहुंचे। वहां घर के सभी ताले टूटे मिले। आलमारियों और दीवान को भी तोड़ा गया था, जबकि कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने शशि गुप्ता को घटना की जानकारी दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर घर से 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात और नकदी ले गए हैं। चोरी हुए सामान का विस्तृत ब्योरा जुटाया जा रहा है।

पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने पर चुटिया थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अपराधियों के आने-जाने के रास्ते और वारदात में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस का प्रयास है कि फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top