प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, चौंतीस दारोगा, तीन एएसआई और इक्कीस लिपिकों का हुआ स्थानांतरण, सभी को तत्काल योगदान देने का निर्देश।
रांची: झारखंड सरकार के उत्पाद विभाग ने राज्यभर में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। उत्पाद विभाग मुख्यालय, रांची द्वारा जारी आदेश के तहत कुल अट्ठावन अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला किया गया है। इनमें चौंतीस उत्पाद सब-इंस्पेक्टर (दारोगा), तीन सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) और इक्कीस लिपिक (क्लर्क) शामिल हैं। इस तबादले का असर बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, लोहरदगा, हजारीबाग, देवघर, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), गोड्डा और सिमडेगा समेत कई जिलों पर पड़ेगा।
जारी आदेश के अनुसार, महेश कुमार दास को बोकारो से गिरिडीह, सन्नी विवेक तिर्की को बोकारो से लोहरदगा, कुलदीप कुमार को धनबाद से हजारीबाग और जाय हेम्ब्रम को धनबाद से बोकारो भेजा गया है। वहीं मंजूर आलम अंसारी का तबादला लोहरदगा से बोकारो किया गया है।
लिपिक संवर्ग में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कौशल कुमार सिंह को बोकारो से जमशेदपुर, तापस कुमार दास को रामगढ़, दिलीप कुमार राम को गिरिडीह से सिमडेगा, नुनू राम दास को जामताड़ा से गोड्डा और राहुल कुमार पांडेय को धनबाद से देवघर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एक दिन पहले बदले गए थे सहायक आयुक्त
गौरतलब है कि इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से एक दिन पहले ही उत्पाद विभाग ने बोकारो के सहायक आयुक्त उत्पाद का भी तबादला किया था। अरविंद कुजूर को बोकारो का नया सहायक आयुक्त उत्पाद नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह रामगढ़ में पदस्थापित थे। बोकारो में उनकी यह दूसरी पोस्टिंग है, जिससे विभाग को उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है।
तत्काल योगदान देने का निर्देश
उत्पाद विभाग मुख्यालय ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया है। विभाग का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, जिलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और उत्पाद विभाग की कार्यप्रणाली पहले से अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनेगी।