वेबकास्टिंग के जरिए सभी मतदान केंद्रों की निगरानी, सी.पी. ठाकुर और विवेक ठाकुर ने परिवार संग किया मतदान, लोगों से की वोट डालने की अपील।
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
422 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वोटिंग जारी
वेबकास्टिंग से हर बूथ की हो रही निगरानी
सी.पी. ठाकुर बोले- पहले मतदान, फिर जलपान
विवेक ठाकुर का दावा- एनडीए की जीत तय

बिहार की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। 422 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जबकि सभी बूथों की वेबकास्टिंग के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। चुनाव आयोग ने हर बूथ पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए हैं। चुनाव आयोग कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से अधिकारियों की टीम लगातार सभी 422 मतदान केंद्रों पर नजर रख रही है। किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या के त्वरित समाधान की व्यवस्था भी की गई है।
इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सी.पी. ठाकुर और राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर ने परिवार के साथ डाकबंगला चौराहा स्थित राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद विवेक ठाकुर ने एनडीए उम्मीदवार की जीत का दावा करते हुए कहा कि विपक्ष के दावों का चुनाव परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री सी.पी. ठाकुर ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, “पहले मतदान करें, उसके बाद जलपान करें।” साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि बांकीपुर में विकास की रफ्तार आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
फिलहाल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और चुनाव आयोग पूरे मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है।