जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड में जहरीले करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि सांप के डंसने के बाद दोनों महिलाओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों महिलाओं ने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के मौसम में क्षेत्र में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। करैत जैसे विषैले सांपों के कारण ग्रामीण इलाकों में लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतें। रात के समय टॉर्च का उपयोग करें, घरों के आसपास साफ-सफाई रखें और सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।