रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर केंद्र और दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं थी और इससे लोकतंत्र की भावना आहत हुई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संसद के आगामी मानसून सत्र में कई संशोधन लाने की तैयारी कर रही है और इसे संविधान तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चुनौती बताया। उनके अनुसार, देश के लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए विपक्ष मजबूती से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान सुप्रियो भट्टाचार्य ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने हाल के दिनों में सड़कों की गुणवत्ता और धंसने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की विकास संबंधी दावों पर सवाल उठाए।JMM नेता ने कहा कि आदिवासी-मूलवासी समाज लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा और किसी भी परिस्थिति में लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता नहीं किया जाएगा।