रांची: राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया है। झारखंड विधानसभा परिसर के कक्ष संख्या-142 में बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जा रहा है। विधायक निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। राज्यसभा चुनाव को लेकर विधानसभा परिसर में सुबह से ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और सभी दलों के नेता मतदान प्रक्रिया पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।

विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए विधानसभा परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और मतदान केंद्र के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
रणनीति और मॉक पोल के बाद आज फैसला
राज्यसभा चुनाव से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने विधायकों के साथ कई दौर की बैठकें की थीं। विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए मॉक पोल का भी आयोजन किया गया था, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की तकनीकी त्रुटि न हो। बीते कई दिनों से जारी होटल पॉलिटिक्स, रणनीतिक बैठकों और राजनीतिक दावों के बाद अब फैसला मतदान पेटी में बंद हो रहा है।
तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
इस बार राज्यसभा चुनाव में दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। महागठबंधन की ओर से झामुमो के बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के प्रणव झा चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी मुकाबले में हैं। तीसरे उम्मीदवार की मौजूदगी ने चुनाव को और अधिक रोचक बना दिया है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
शाम तक साफ होगी तस्वीर
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम जनता भी इस बात का इंतजार कर रही है कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत का परचम कौन लहराएगा। फिलहाल सभी उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।