Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन से शोक में झारखंड नेताओं ने सोशल मीडिया पर जताया दुख…

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन के निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। लंबे समय से बीमार चल रहीं रूपी सोरेन का रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए शोक संवेदना व्यक्त की और सोरेन परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां के निधन पर सोशल मीडिया पर बेहद भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि बाबा के जाने के बाद मां ही उनकी सबसे बड़ी छांव थीं और आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गई। मुख्यमंत्री की इस भावुक प्रतिक्रिया के बाद बड़ी संख्या में नेताओं और समर्थकों ने शोक व्यक्त किया।

खड़गे से लेकर बाबूलाल मरांडी तक ने जताया शोक

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रूपी सोरेन के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए हेमंत सोरेन और पूरे शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में शक्ति देने की कामना की।

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी रूपी सोरेन के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी के निधन की सूचना से वह अत्यंत व्यथित हैं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने रूपी सोरेन के निधन को लेकर भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके निधन की खबर से मन व्यथित है और झारखंड आंदोलन के दौर की कई यादें उनकी आंखों के सामने से गुजर रही हैं।

रघुवर दास बोले- रूपी चाची का जाना व्यक्तिगत क्षति

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने रूपी सोरेन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें पुत्रवत स्नेह दिया था और उनका जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। रघुवर दास ने कहा कि उनकी स्मृतियां हमेशा उनके साथ रहेंगी।

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने रूपी सोरेन के निधन को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि उनके निधन से झारखंड ने एक स्नेहमयी मातृशक्ति को खो दिया है।

जदयू विधायक सरयू राय ने भी रूपी सोरेन के निधन पर शोक जताते हुए इसे मर्माहत करने वाली सूचना बताया। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन अपने पीछे भरा-पूरा परिवार और मातृवत स्नेह करने वाले लोगों की विरासत छोड़ गई हैं।

राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने कहा कि रूपी सोरेन ने शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन में उनका हर कदम पर साथ दिया। उन्होंने इस कठिन समय में पूरे सोरेन परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस और राजद नेताओं ने भी जताया दुख

रूपी सोरेन के निधन पर झारखंड कांग्रेस की ओर से भी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि मां का निधन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में कांग्रेस पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।

कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने भी रूपी सोरेन के निधन को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया।

वहीं, राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, मंत्री संजय प्रसाद यादव और प्रवक्ता कैलाश यादव समेत अन्य नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी जताई संवेदना

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने रूपी सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का निधन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

रूपी सोरेन के निधन की खबर के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर है। अलग-अलग दलों के नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लगातार श्रद्धांजलि और संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top