रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन से पूरा सोरेन परिवार शोक में है। रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ में किया जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से इसकी जानकारी दी गई है।
झामुमो की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर गुरुवार, 8 अक्टूबर को नेमरा ले जाया जाएगा। इसके बाद पैतृक गांव में ही उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। अंतिम संस्कार को लेकर नेमरा में तैयारियां की जा रही हैं।
नेमरा की मिट्टी में मिलेगी अंतिम विदाई
नेमरा सोरेन परिवार की पुश्तैनी धरती है। इसी गांव में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन का भी अंतिम संस्कार किया गया था। अब उनकी जीवनसंगिनी रूपी सोरेन को भी इसी पैतृक गांव की मिट्टी में अंतिम विदाई दी जाएगी।
रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आने के बाद से ही झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। पार्टी की ओर से उन्हें अंतिम जोहार और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।
सिंगापुर में हैं बसंत सोरेन
रूपी सोरेन के छोटे बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन फिलहाल सिंगापुर में हैं। उन्हें अपनी मां के निधन की जानकारी मिल चुकी है। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार को रांची पहुंच सकते हैं।
हालांकि, बसंत सोरेन के पहुंचने तक अंतिम संस्कार को लेकर किसी बदलाव या इंतजार के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मां के निधन से टूटे हेमंत सोरेन, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक संदेश
मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए लिखा, “बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं। आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गयीं। मां….”
रूपी सोरेन के निधन से सोरेन परिवार में गहरा शोक है। उनके निधन पर झारखंड के कई नेताओं, मंत्रियों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है।
झामुमो परिवार और शोकाकुल परिजनों की ओर से रूपी सोरेन को अंतिम जोहार और भावभीनी श्रद्धांजलि।