रांची: झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कुल 2017 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान खत्म होने के साथ ही चुनाव मैदान में उतरे 92 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया है। अब शनिवार को होने वाली मतगणना के बाद नई कार्यकारिणी की तस्वीर साफ होगी।

सुबह 9:30 से शाम 5 बजे तक हुआ मतदान
चुनाव रिटर्निंग पदाधिकारी और हाईकोर्ट के अधिवक्ता लूकेश कुमार के अनुसार, मतदान सुबह 9:30 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चला। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में अधिवक्ता मतदान केंद्र पहुंचे और कतार में लगकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदान के दौरान हाईकोर्ट परिसर में चुनावी गहमागहमी भी देखने को मिली। विभिन्न पदों के उम्मीदवार अधिवक्ताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए। वहीं, उम्मीदवारों के समर्थक भी अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बनाते दिखे।
10 टेबल पर होगी मतगणना
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की नजर शनिवार की मतगणना पर है। मतगणना सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इसके लिए कुल 10 टेबल बनाए गए हैं।
अलग-अलग पदों के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवारों के बीच मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। ऐसे में मतगणना के दौरान परिणाम को लेकर अधिवक्ताओं और उम्मीदवारों के बीच उत्सुकता बनी रहेगी।
नई कार्यकारिणी की तस्वीर होगी साफ
हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चुनावी गतिविधियां तेज थीं। उम्मीदवारों ने अधिवक्ताओं के बीच लगातार संपर्क अभियान चलाया। शुक्रवार को मतदान के साथ ही प्रचार का दौर समाप्त हो गया। अब मतगणना के बाद यह तय होगा कि 92 उम्मीदवारों में से किन प्रत्याशियों को एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी में जगह मिलती है।