रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले दूसरे T20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है। मैच के लिए ऑफलाइन टिकटों की बिक्री सोमवार, 5 अक्टूबर से शुरू हो गई है। टिकट खरीदने के लिए स्टेडियम परिसर के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं।
कई फैंस रविवार रात से ही स्टेडियम के आसपास पहुंच गए थे। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रात में लाइन लगाने की अनुमति नहीं दी गई। सोमवार सुबह 7 बजे से दर्शकों को कतार में लगाया गया और सुबह 9 बजे से टिकट काउंटर खोल दिए गए।
5 काउंटरों से मिल रहे टिकट
दर्शकों की सुविधा के लिए JSCA स्टेडियम परिसर में कुल 5 टिकट काउंटर बनाए गए हैं। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट खरीद सकता है। महिलाओं और दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। टिकट काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे। ऑफलाइन टिकटों की बिक्री 5 और 6 अक्टूबर को ही होगी। इसके बाद ऑफलाइन टिकट बिक्री बंद कर दी जाएगी।
वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को देखने का क्रेज
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। टिकट लेने पहुंचे कई फैंस भारतीय टीम के युवा खिलाड़ियों को मैदान पर लाइव देखने के लिए उत्साहित हैं।
खास तौर पर वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को लाइव खेलते देखने को लेकर युवाओं में जबरदस्त क्रेज है। टिकट के लिए लंबी कतार में खड़े फैंस का कहना है कि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को रांची में खेलते हुए देखने का मौका नहीं गंवाना चाहते।
सुरक्षा के भी किए गए इंतजाम
टिकट बिक्री के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन और JSCA प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दर्शकों को कतार में व्यवस्थित तरीके से टिकट उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह दूसरा T20 मुकाबला 9 अक्टूबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच को लेकर टिकट बिक्री शुरू होते ही फैंस का उत्साह साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।