रांची: झारखंड बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका झारखंड का पहला दौरा है। रांची एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उलिहातू में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि
रांची एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद गजेंद्र सिंह पटेल खूंटी के उलिहातू के लिए रवाना हुए। यहां वे भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इस दौरान उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सौरव सिंह और निवेदिता सिंह भी मौजूद हैं। उलिहातू के बाद गजेंद्र सिंह पटेल खूंटी बीजेपी कार्यालय जाएंगे।
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में होगी बैठक
दौरे के कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12 बजे प्रदेश प्रभारी खूंटी में एक पार्टी कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे रांची स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक वे प्रदेश पदाधिकारियों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ की राज्य टीम के साथ संयुक्त बैठक में शामिल होंगे।
2029 चुनाव को लेकर बीजेपी ने बदली संगठन की रणनीति
झारखंड में 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने हाल में संगठन में कई बड़े बदलाव किए हैं। पार्टी ने संगठन की जिम्मेदारियों में नए चेहरों को शामिल किया है।
राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे पवन कुमार साय को झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीजेपी इन संगठनात्मक बदलावों के जरिए 2029 के चुनाव में झारखंड में पार्टी की सरकार बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।