कोडरमा: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली को लेकर झारखंड के कोडरमा जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला कांग्रेस कमेटी की सोमवार को हुई विस्तारित बैठक में जिले से सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं के रैली में शामिल होने का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
कोडरमा के गीतांजलि बैंक्विट हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रजक ने की। इस दौरान पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
AICC पर्यवेक्षक का हुआ स्वागत
बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक डॉ. शिवकुमार डहरिया और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शांतनु मिश्रा का स्वागत किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंगवस्त्र, माला और बुके भेंट किए।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. शिवकुमार डहरिया ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय को जरूरी बताया। उन्होंने सभी संगठनात्मक इकाइयों से दिल्ली की रैली की तैयारियों में मिलकर काम करने की अपील की।
प्रखंड और मंडल स्तर पर तैयारी का निर्देश
प्रदेश महासचिव सह जिला संगठन प्रभारी विजय यादव ने कहा कि रैली में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड और मंडल स्तर पर समन्वय बनाकर तैयारी की जानी चाहिए। उन्होंने पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर भी जोर दिया।
जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक ने कहा कि एक नवंबर को कोडरमा जिले से सैकड़ों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर रामलीला मैदान की रैली में शामिल होंगे। इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी सभी प्रखंडों और संगठन की विभिन्न इकाइयों के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी।
पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शांतनु मिश्रा ने पंचायत स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने की आवश्यकता बताई।
बैठक में लोकसभा सह प्रभारी विनोद कुमार कुशवाहा, सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता भागीरथ पासवान, बेबी सिन्हा, सुभाष सिंह यादव, मालती चंद्रा, चंद्रभूषण साव, असरफ अली और दशरथ पासवान समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में अनिल दास, फैयाज केसर, चांद आलम, उमेश साव, डॉ. कैलाश रजक, धीरज कुमार सहित जिला और प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस की जिला इकाई अब दिल्ली की महारैली में कोडरमा की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों में जुटी है।