अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती में शुक्रवार तड़के समृद्धि महामार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। धामणगांव रेलवे के पास ट्रक और बोलेरो पिकअप की जोरदार टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा समृद्धि महामार्ग पर चैनेल नंबर 97 के पास हुआ। पिकअप में श्रद्धालु सवार थे, जो मां दुर्गा की मूर्ति लेकर शेगांव से वर्धा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज वर्धा में कराया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और धामणगांव नगर परिषद की अध्यक्ष अर्चना रोथे ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और मृतकों व घायलों की पहचान की जा रही है।
धामणगांव के पास पहले भी हो चुके हैं हादसे
समृद्धि महामार्ग पर धामणगांव रेलवे के आसपास पहले भी गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं। जून 2026 में इसी इलाके में चंद्रपुर के एक परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी। उस दौरान उनकी कार खड़े कंटेनर ट्रक से टकरा गई थी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शुक्रवार तड़के हुए हादसे की वजह क्या रही। हादसे के बाद समृद्धि महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होने की भी जानकारी सामने आई है।