रांची: 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन मंगलवार को हरिवंश राय टाना भगत इंडोर स्टेडियम, होटवार में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जैप के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) कार्तिक एस ने किया।

उद्घाटन समारोह में JAP, IRB, SISF और SIRB के सभी समादेष्टा, टीम मैनेजर एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अधिकारियों ने खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू, महामंत्री संजीव कुमार के साथ टीम के महताब आलम, रोहित रजक और संतोष महतो सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।
खेलकूद प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बल के जवानों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न इकाइयों के खिलाड़ी अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।