रांची: झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने झारखंड, विशेषकर धनबाद की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। यह अपूरणीय क्षति है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढ़स बंधाया। गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।