नई दिल्ली/पटना: 21 अगस्त 2026: बिहार के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। बैठक में बिहार के लिए केंद्रीय सहायता, लंबित परियोजनाओं और आधारभूत संरचना से जुड़े कई अहम विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री के आग्रह पर कोसी नदी पर हाई लेवल डैम के डीपीआर को जल्द पूरा करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही कोसी-मेची अंतःराज्यीय रिवर लिंक परियोजना के पहले चरण के लिए राशि उपलब्ध कराने और दूसरे चरण के तकनीकी अनुमोदन को लेकर राष्ट्रीय जल विकास अभिकरण (NWDA) एवं जल शक्ति मंत्रालय को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसी-मेची परियोजना के आगे बढ़ने से बिहार के सीमांचल क्षेत्र में सिंचाई, कृषि और जल प्रबंधन को बड़ा लाभ मिलेगा। सप्त कोसी परियोजना पर भी बैठक में चर्चा हुई। साथ ही संयुक्त तकनीकी विशेषज्ञ समिति में बिहार के एक सदस्य को शामिल करने पर सहमति बनी, ताकि परियोजना से जुड़े तकनीकी मामलों में राज्य के हितों को प्रभावी ढंग से रखा जा सके।
बिहार को अतिरिक्त केंद्रीय सहायता मिलने की उम्मीद
बैठक में SNA एवं SPARSH व्यवस्था को 30 सितंबर तक लागू करने तथा SASCI के तहत Reform Based Incentive को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। इसके जरिए बिहार को विकास योजनाओं के लिए अतिरिक्त केंद्रीय वित्तीय संसाधन मिलने का रास्ता साफ हो सकता है।
विक्रमशिला विश्वविद्यालय और NIFTEM पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री ने बताया कि भागलपुर में विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए बिहार सरकार ने 219 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी है। वहीं हाजीपुर में NIFTEM के लिए 100 एकड़ भूमि भी राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने केंद्र से दोनों संस्थानों का काम जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया।
महाबोधि और विष्णुपद कॉरिडोर को भी गति
बैठक में सोन-फल्गू रिवर लिंक परियोजना, महाबोधि कॉरिडोर और विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर के कार्य को शीघ्र शुरू कराने पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बैठक बेहद सकारात्मक रही। बिहार के विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार और राज्य के लिए अधिक केंद्रीय संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर तेजी से काम कर रही हैं।