रांची : झारखंड में भ्रष्टाचार और ट्रेजरी घोटाले को लेकर सियासत तेज हो गई है। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है, जबकि विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और सरकार का ध्यान सिर्फ पैसे कमाने पर है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें रोजाना व्हाट्सएप के जरिए भ्रष्टाचार से जुड़े फोटो और दस्तावेज मिलते हैं, जिन्हें वे लगातार सार्वजनिक भी करते रहे हैं।
ट्रेजरी घोटाले पर सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष ने ट्रेजरी घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जांच तो करा रही है, लेकिन अब तक किसी बड़े अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जिम्मेदार पदाधिकारी अपने पदों पर बने रहेंगे तो भ्रष्टाचार कैसे खत्म होगा।
हेल्थ विभाग में अनियमितता का आरोप
मरांडी ने स्वास्थ्य विभाग और झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JMHIDPCL) में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नियमों के खिलाफ एक सेवानिवृत्त अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव को सेवा विस्तार दिया गया।
उनके मुताबिक, वर्ष 2016 के नियम के अनुसार किसी भी सेवानिवृत्त अधिकारी को अधिकतम तीन वर्ष तक ही एक्सटेंशन दिया जा सकता है और उसके लिए मंत्रिमंडल व मुख्यमंत्री की स्वीकृति आवश्यक होती है। इसके बावजूद बिना स्वीकृति के सेवा विस्तार दिया गया।
206 एंबुलेंस निष्क्रिय रहने का आरोप
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में खरीदी गई 206 कस्टमाइज्ड एंबुलेंस लंबे समय तक उपयोग में नहीं लाई गईं और निष्क्रिय अवस्था में पड़ी रहीं। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से खरीदी गई गाड़ियां सड़ रही हैं, जबकि सरकार नई खरीद में जुटी हुई है।
करोड़ों की दवाइयां एक्सपायर
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि करोड़ों रुपये की जीवन रक्षक दवाइयां एक्सपायर पाई गई हैं। उन्होंने इसे सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बताते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की।
मरांडी ने कहा कि भाजपा अब जन समस्याओं और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा।