Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

वोट बचाओ देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस ने झोंकी ताकत एक नवंबर को दिल्ली में महारैली…

रांची: ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की महारैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी ने देशभर में संगठन को सक्रिय किया है. कांग्रेस की ओर से अभियान के लिए 208 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें और संवाददाता सम्मेलन कर लोगों तक अभियान का संदेश पहुंचाएंगे.

इसी क्रम में राज्यसभा सांसद और एआईसीसी पर्यवेक्षक फूलो देवी नेताम ने रांची महानगर, रांची ग्रामीण, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा मौजूद रहे.

1 नवंबर की रैली में झारखंड से जाएंगे हजारों लोग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी. उन्होंने कहा कि रैली में झारखंड से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंचेंगे.

उन्होंने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए सभी जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों और पूर्व सांसदों-विधायकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं.

केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए इस बार वोट जोड़ने की तुलना में वोट डिलीट करने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है. उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए.

25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा चौपाल अभियान

फूलो देवी नेताम ने बताया कि वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशभर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल’ आयोजित की जाएगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अभियान के जरिए लोगों के बीच जाकर मतदाता सूची और चुनाव से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेगी.

उनके मुताबिक, 2 अक्टूबर से वोट से जुड़े मुद्दों को लेकर चरणबद्ध अभियान चलाया जा रहा है, जिसे आगे भी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए जारी रखा जाएगा.

देशभर में 208 पर्यवेक्षक किए गए नियुक्त

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एआईसीसी की ओर से 208 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है. ये पर्यवेक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकें और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से मतदाता सूची और कथित वोट चोरी के मुद्दे को उठा रहे हैं और पार्टी इसी मुद्दे को लेकर देशव्यापी अभियान चला रही है.

सुबोधकांत सहाय ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग का दोहरा रवैया सामने आया है. उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर निर्णायक राजनीतिक लड़ाई लड़ने की तैयारी में है.

कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर की दिल्ली रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की है. पार्टी का लक्ष्य झारखंड समेत देशभर से बड़ी संख्या में लोगों को दिल्ली पहुंचाकर रैली को प्रभावी बनाना है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top