रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग और पथ निर्माण विभाग की योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने रांची शहर की सड़क, ड्रेनेज, ट्रैफिक व्यवस्था, फ्लाईओवर, पार्क, चौक-चौराहों और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन समेत संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बढ़ती आबादी के हिसाब से बने दीर्घकालिक प्लान
मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची के बढ़ते विस्तार और आबादी को ध्यान में रखते हुए शहर के विकास के लिए दीर्घकालिक और समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि विकास केवल रांची तक सीमित न रहे, बल्कि राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में काम किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को शहरों को जोनवार विभाजित कर आबादी और स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास योजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया।
सड़क के साथ ड्रेनेज सिस्टम भी होगा डिजाइन
मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण योजनाओं में जल निकासी की व्यवस्था को सड़क का अभिन्न हिस्सा मानकर काम करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क के दोनों किनारों पर वैज्ञानिक और व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए।
सीएम ने कहा कि सड़क और ड्रेनेज की पूरी संरचना का डिजाइन एकीकृत तरीके से तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में सड़क किनारे अनियोजित निर्माण और अतिक्रमण की समस्या न हो।
उन्होंने सड़क की चौड़ाई, जल निकासी, पैदल यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए समग्र डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए। खासकर बारिश के दौरान जलजमाव वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां प्रभावी ड्रेनेज नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया गया।
विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण समेत सभी चल रही विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विभागों और संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ समय पर परियोजनाएं पूरी कर उनका लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
हर वार्ड में वेंडर मार्केट बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे ठेला, गुमटी और अन्य स्वरोजगार के जरिए आजीविका चलाने वाले वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शहर के सभी वेंडर्स को चिन्हित कर उनके लिए उचित व्यवस्था की जाए। प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने की दिशा में काम किया जाए।
सीएम ने कहा कि इससे सड़क किनारे अनियोजित तरीके से लगने वाले बाजार और दुकानों के कारण होने वाली भीड़ एवं जाम की समस्या को कम किया जा सकेगा। साथ ही वेंडर्स की आजीविका भी प्रभावित नहीं होगी और उन्हें सम्मानजनक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा।