रांची: जमशेदपुर में हाल ही में हुई हत्या की घटना को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि जमशेदपुर में पुलिस वैन और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक निहत्थे युवक की चापड़ से हत्या कर दी गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका इलाज कोलकाता में चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे राज्य, विशेषकर आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है।
अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में हेमंत सोरेन सरकार बनने के बाद से राज्य में अपराध लगातार बढ़े हैं और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है।
उन्होंने गोइलकेरा की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कई बड़ी आपराधिक घटनाओं में भी सरकार की ओर से प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिली। साथ ही आरोप लगाया कि ईमानदार पुलिसकर्मियों को किनारे कर दिया गया है, जबकि पुलिस व्यवस्था का इस्तेमाल अवैध वसूली के लिए किया जा रहा है।
भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर जमशेदपुर और आदित्यपुर में बुलाए गए बंद को जनता का व्यापक समर्थन मिला। उनके अनुसार यह समर्थन राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ जनता के गुस्से को दर्शाता है। हालांकि, इन आरोपों पर राज्य सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।