पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करने शुरू कर दिए हैं। जेडीयू, बीजेपी और आरजेडी के बाद अब कांग्रेस ने भी 5 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने दो शिक्षक और तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें से तीन सीटों पर कांग्रेस का मुकाबला आरजेडी के प्रत्याशियों से होगा।
कांग्रेस की ओर से जारी सूची के मुताबिक, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा को दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से डॉ. संजय यादव को टिकट मिला है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस ने कोसी स्नातक से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा स्नातक से रजनीकांत पाठक और पटना स्नातक से डॉ. असदुल्लाह खान को प्रत्याशी बनाया है। उम्मीदवारों की सूची को कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंजूरी दी है।
तीन स्नातक सीटों पर RJD से सीधा मुकाबला
कांग्रेस की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक और कोसी स्नातक सीट पर कांग्रेस और आरजेडी के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे। आरजेडी ने इन तीनों सीटों पर पहले ही अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।
आरजेडी ने पटना स्नातक से दिलीप कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा और कोसी स्नातक से नितेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है।
वहीं, दरभंगा शिक्षक और पटना शिक्षक सीट पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि आरजेडी ने इन दोनों सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं।
RJD ने 6 सीटों पर घोषित किए हैं उम्मीदवार
आरजेडी ने सितंबर में बिहार विधान परिषद की 8 सीटों में से 6 पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पार्टी ने पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को प्रत्याशी बनाया है।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए चुनाव होना है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होना है।
कांग्रेस की पांच सीटों पर घोषणा के बाद अब इन निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों की तस्वीर और स्पष्ट हो गई है। खास तौर पर पटना, दरभंगा और कोसी स्नातक सीटों पर कांग्रेस और आरजेडी के उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला होगा।