नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी में शुक्रवार को एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनके इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

भाजपा की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अन्नामलाई द्वारा सौंपे गए त्यागपत्र को राष्ट्रीय नेतृत्व ने मंजूरी दे दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी प्रेस नोट में इसकी पुष्टि करते हुए बताया गया कि अब अन्नामलाई भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्य नहीं रहे।
तमिलनाडु की राजनीति में भाजपा का प्रमुख चेहरा माने जाने वाले अन्नामलाई के इस फैसले ने सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज कर दिया है। हालांकि, इस्तीफे के पीछे की वजहों को लेकर पार्टी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दक्षिण भारत में भाजपा के विस्तार अभियान के बीच अन्नामलाई का पार्टी छोड़ना एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। ऐसे में आने वाले दिनों में तमिलनाडु भाजपा की रणनीति और संगठनात्मक बदलावों पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अन्नामलाई का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा और भाजपा तमिलनाडु में उनके विकल्प के तौर पर किस नेतृत्व को आगे बढ़ाएगी। फिलहाल पार्टी नेतृत्व ने इस्तीफा स्वीकार कर स्पष्ट संदेश दिया है कि संगठनात्मक निर्णयों को लेकर कोई देरी नहीं की जाएगी।