Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा बिहार लौट रहे मजदूरों से भरी स्लीपर बस पलटी बीस से अधिक यात्री घायल…

संभल, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पवांसा के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 20 से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटनाग्रस्त बस में करीब 150 यात्रियों के सवार होने की बात कही जा रही है, हालांकि यात्रियों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दिवाली मनाने बिहार लौट रहे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार, बस पंजाब के पटियाला से बिहार के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में हरियाणा के अंबाला से गुजरते हुए बस बिहार की ओर जा रही थी। इसमें सुपौल, दरभंगा, पूर्णिया, सीतामढ़ी समेत बिहार के कई जिलों के यात्री सवार थे।

बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकतर लोग दूसरे राज्यों में मजदूरी करते हैं और दिवाली का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने के लिए घर लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने यात्रियों की यात्रा को बीच में ही रोक दिया।

बस पलटते ही मची चीख-पुकार

गंगा एक्सप्रेसवे पर पवांसा के पास बस के पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद बस के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए और यात्रियों का सामान इधर-उधर फैल गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।

चालक को झपकी आने से हादसा होने का दावा

घायल यात्री अखिलेश कुमार के मुताबिक, चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं, एक अन्य यात्री ने बस में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने का आरोप लगाया है।

हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी और बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिहार में परिजनों की बढ़ी चिंता

दिवाली के मौके पर अपने घर और परिवार के बीच पहुंचने की उम्मीद लेकर निकले यात्रियों के साथ हुए इस हादसे से उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। घायलों में बिहार के अलग-अलग जिलों के यात्रियों के शामिल होने की जानकारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को गंगा एक्सप्रेसवे से हटवा दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top