गिरिडीह: जिले में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरिडीह पुलिस ने एक बड़े चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज 13 चोरी के मामलों का उद्भेदन किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 24.5 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया गया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3.70 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 25 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल, करीब 25 किलो कांसा-पीतल के बर्तन, दो गैस सिलेंडर और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई एक पल्सर और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। साथ ही ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का औजार भी बरामद हुआ है।
गश्ती दल ने किया था पीछा
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात सरिया थाना और बरकट्टा ओपी की गश्ती टीम ने बागोडीह में चोरी की घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों का पीछा किया था। इस दौरान पुलिस ने एक पल्सर बाइक, ताला तोड़ने का औजार और मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया था। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इन इलाकों में देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य सरिया, धनवार, बिरनी, भरकट्टा और बगोदर थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हैया कुमार सिंह, सुजीत कुमार सिंह, कृष कुमार, संतोष प्रसाद, हर्ष कुमार, अनिल वर्मा और राजेश कुमार कसेरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कन्हैया कुमार सिंह और सुजीत कुमार सिंह का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
13 चोरी मामलों का खुलासा
गिरिडीह पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से सरिया थाना क्षेत्र के पांच, धनवार के दो, बिरनी एवं भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चार और बगोदर थाना क्षेत्र के दो चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।