Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

बोकारो में खेल खेल में चली गोली साढ़े तीन साल के मासूम की मौत

बोकारो: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कर्नल मार्केट के रांची मोहल्ले में घर के अंदर खेल रहे साढ़े तीन साल के बच्चे की गोली लगने से मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने मामा से चॉकलेट मांग रहा था। इसी दौरान मामा ने कथित तौर पर घर में रखी पिस्तौल उसके हाथ में दे दी और अचानक गोली चल गयी।

गोली बच्चे के सिर में लगी। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गयी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

चॉकलेट मांग रहा था मासूम, हाथ में थमा दी पिस्तौल

परिजनों के अनुसार, साढ़े तीन साल का साहिल राम शनिवार को अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट मांग रहा था। बच्चे को चुप कराने या खेलने के लिए राजेश ने कथित तौर पर घर में रखी पिस्तौल उसके हाथ में दे दी।

इसी दौरान पिस्तौल से अचानक गोली चल गयी। गोली सीधे साहिल के सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार के लोग उसे लेकर अस्पताल की ओर भागे।

बोकारो से चास ले जाया गया, नहीं बची जान

परिजन और बच्चे के मामा राजेश कुमार घायल साहिल को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चास स्थित मुस्कान अस्पताल रेफर किया गया।

डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है।

मां ने कहा- पता नहीं था पिस्तौल असली है

बच्चे की मां सोभा देवी घटना के बाद सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि परिवार को यह जानकारी नहीं थी कि पिस्तौल असली है। उनका कहना है कि बच्चा केवल चॉकलेट मांग रहा था और इसी दौरान यह दर्दनाक घटना हो गयी। मासूम की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने पिस्तौल जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही माराफारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्तौल को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद बच्चे के मामा राजेश कुमार फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी ने क्या बताया?

माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि बच्चे को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की और पिस्तौल को जब्त किया है। बच्चे के मामा के फरार होने की बात सामने आयी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top