सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव के तीन युवकों की पश्चिम बंगाल में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सोमवार देर रात दातिया के पास चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही जुगिलांग गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मेला देखकर बाइक से लौट रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप बाइक से पुरुलिया जिले के बलरामपुर में आयोजित छाता मेला देखने गए थे। तीनों ने वहां पनामा सर्कस देखा। देर रात वे बाइक से वापस अपने गांव के लिए रवाना हुए थे। घर लौटने के दौरान मालती चेकपोस्ट के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।
तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सपन गोप को इलाज के लिए पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चालक फरार
दुर्घटना के बाद अर्टिगा कार का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। नीमडीह थाना प्रभारी डीलशन बिरुवा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
एक साथ तीन मौतों से गांव में मातम
एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर से जुगिलांग गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के साथ ग्रामीण भी इस हादसे से सदमे में हैं। गांव में हर तरफ गम का माहौल है।