पलामू: झारखंड आंदोलनकारियों, किसानों और मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर बुधवार को झारखंड बंद बुलाया गया। पलामू में बंद का असर देखने को मिला। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आंदोलनकारियों ने मेदिनीनगर के रेड़मा चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कई आंदोलनकारी तीर-धनुष लेकर सड़क पर पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
पेंशन और जल-जंगल-जमीन के अधिकार की मांग
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में झारखंड आंदोलनकारियों के लिए पेंशन लागू करना, आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर अधिकार सुनिश्चित करना और गरीब आदिवासियों व अन्य जरूरतमंदों के लिए जमीन की रसीद जारी करने की व्यवस्था शामिल है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कई आंदोलनकारियों ने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर लेट गए आंदोलनकारी, पुलिस पहुंची
रेड़मा चौक पर सड़क जाम के कारण बड़ी संख्या में वाहन फंस गए। स्कूली बच्चों और आम लोगों को भी परेशानी हुई। जाम के कारण सड़क पर काफी दूर तक वाहनों की कतार लग गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आंदोलनकारियों से बातचीत की। हालांकि, आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शन के दौरान कुछ आंदोलनकारी सड़क पर लेट गए।
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के मुरारी पांडेय, विकेश शुक्ला समेत अन्य आंदोलनकारी प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। मुरारी पांडेय ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है और आंदोलनकारी अपनी लंबित मांगों को सरकार के सामने रख रहे हैं।