पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने चार प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने पटना शिक्षक, कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया है।
बीजेपी ने पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र प्रसाद सिंह को मैदान में उतारा है।
पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी ने मौजूदा विधान पार्षद नवल किशोर यादव पर फिर भरोसा जताया है। वह लंबे समय से इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं और एक बार फिर चुनाव मैदान में होंगे।
कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी ने मौजूदा विधान पार्षद डॉ. नरेंद्र कुमार उर्फ एनके यादव को दोबारा टिकट दिया है। वह इस सीट से पहले भी चुनाव जीत चुके हैं।
दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार बीजेपी के उम्मीदवार होंगे। वह वर्तमान में निर्दलीय विधान पार्षद हैं। 2020 में बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। अब बीजेपी ने उन्हें अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है। इस बार एनडीए के सीट बंटवारे में दरभंगा स्नातक सीट बीजेपी के हिस्से में आई है।
तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी ने नरेंद्र प्रसाद सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वह पहले भी इस सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। 2008 में वह तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए थे। पिछली बार उन्होंने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं मिली थी।
JDU ने चार सीटों पर उतारे उम्मीदवार
NDA के सीट बंटवारे के तहत बीजेपी और JDU चार-चार सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। JDU ने पहले ही अपने चार उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय और सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया है।
23 अक्टूबर को मतदान
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो गई है। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।
इन आठ सीटों पर होना है चुनाव
बिहार विधान परिषद की जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पटना शिक्षक, पटना स्नातक, कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत स्नातक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।