रांची: झारखंड की राजधानी रांची को IT और नई तकनीकों के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से RMZ Infrastructure के प्रेसिडेंट दीपक छाबड़िया ने मुलाकात कर रांची में अत्याधुनिक IT Park, Global Capability Centre (GCC) और तकनीकी निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। प्रस्तावित योजना के तहत 2029 तक IT Park शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
पहले चरण में 20 हजार रोजगार का लक्ष्य
प्रस्तावित IT Park के पहले चरण में करीब 20 हजार रोजगार के अवसर सृजित करने की योजना है। इसके बाद अगले तीन वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर करीब 75 हजार रोजगार अवसर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे झारखंड के तकनीकी और उच्च-कौशल वाले युवाओं के लिए राज्य में ही रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
IIM और हाईकोर्ट के आसपास जमीन पर विचार
IT Park के लिए IIM रांची, नए विधानसभा परिसर और झारखंड हाईकोर्ट के आसपास उपलब्ध करीब 100 एकड़ जमीन को संभावित स्थल के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। यहां आधुनिक कार्यालय, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक तकनीकी कंपनियों के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
AI और सेमीकंडक्टर पर भी फोकस
बैठक में IT के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। Global Capability Centre के जरिए वैश्विक कंपनियों के हाई-स्किल वाले तकनीकी और कारोबारी काम झारखंड से संचालित कराने की संभावनाएं भी तलाशने की बात सामने आई है।
बेंगलुरु का मॉडल देखेगा झारखंड
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग का प्रतिनिधिमंडल अक्टूबर में बेंगलुरु का दौरा करेगा। टीम वहां के IT Park, तकनीकी इकोसिस्टम और GCC मॉडल का अध्ययन करेगी। इसके आधार पर रांची के IT Park और तकनीकी इकोसिस्टम के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
स्थानीय युवाओं को राज्य में अवसर देने पर जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार आधुनिक तकनीक, नवाचार और नई औद्योगिक संभावनाओं से झारखंड को जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का जोर स्थानीय युवाओं के लिए राज्य में ही उच्च-कौशल आधारित रोजगार और निवेश के अवसर तैयार करने पर है। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, IT एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव पूजा सिंघल और झारखंड स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर की निदेशक माधवी मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।