रांची: सरला बिरला स्कूल स्थित जीडी बिरला सभागार में झारखंड वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा ने की। इस दौरान आगामी सत्र की राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिताओं की तारीखों और आयोजन स्थलों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के निर्णय के अनुसार झारखंड राज्य जूनियर वुशू प्रतियोगिता 3 और 4 अक्टूबर 2026 को सिल्ली में होगी। वहीं झारखंड राज्य सीनियर वुशू प्रतियोगिता 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को देवघर तथा झारखंड राज्य सब-जूनियर वुशू प्रतियोगिता 21 और 22 नवंबर को धनबाद में आयोजित की जाएगी।
इन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी और टीमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों की तैयारी
बैठक में बताया गया कि झारखंड के खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेंगे। इनमें 23वीं जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता चेन्नई में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर, 36वीं सीनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता ईटानगर में 9 से 14 नवंबर और 25वीं सब-जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता भुवनेश्वर में 18 से 23 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगी।
इसके अलावा खिलाड़ी हैदराबाद में होने वाली फेडरेशन कप वुशू प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतियोगिताओं से पहले विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
अस्मिता वुमन लीग के विस्तार पर जोर
वार्षिक आम सभा में राज्य के 16 जिलों में चल रही अस्मिता वुमन लीग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अब तक सात जिलों में लीग का आयोजन हो चुका है। एसोसिएशन ने इसे राज्य के अन्य जिलों तक विस्तार देने का फैसला किया है, ताकि अधिक से अधिक महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
बायलॉ को मिली मंजूरी
बैठक में नेशनल गवर्नेंस एक्ट और वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुरूप तैयार किए गए झारखंड वुशू एसोसिएशन के बायलॉ को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही जिला स्तर पर नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।
भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर डॉ. प्रदीप वर्मा का सम्मान
वार्षिक आम सभा के दौरान डॉ. प्रदीप वर्मा को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मान के दौरान पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से झारखंड में वुशू खेल को और मजबूती मिलेगी।
खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील
अपने संबोधन में डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता के लिए कर्तव्य और अधिकार के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए झारखंड में वुशू को और मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। साथ ही राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में डॉ. अंशु साहू, मनोज कुमार महतो, उदय साहू, मनोज कुमार साहू, शैलेन्द्र दुबे, गोकुलनंद मिश्रा, अभिषेक कुमार, दीपक दुबे, एम. कादिर, अमरदीप कुमार, संजय जैन, प्रतिमा कुमारी, मृत्युंजय कुमार राय, शशि कुमार, संजय राजभर, प्रदीप महतो, अमूल्य मिश्रा, दिनेश यादव, राजी अहमद, विवेकानंद, चंचल भट्टाचार्य, मिथिलेश साहू, विमला टोप्पो, राजकुमार जैन, रत्नेश कुमार, दीपक गोप, संजय साहू, एल. प्रदीप सिंह, सुमित घोषाल और शिवेन्द्र दुबे सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।