रांची: पलामू जिले में करम डाली विसर्जन के दौरान हुए हादसे में लोगों के नदी में डूबने की घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि पलामू में करम डाली विसर्जन के दौरान हुए हादसे में कुछ लोगों के नदी में डूबने का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने इस घटना में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
गौरतलब है कि पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया पतरिया गांव में करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान पांच किशोर कोयल नदी में डूब गए थे। हादसे में चार की मौत हो गई, जबकि एक किशोर की तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।