रांची: बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर झारखंड के मौसम पर दिखाई दे रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 23 से 25 सितंबर तक अलग-अलग जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
23 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में भी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
24 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट
24 सितंबर को दक्षिण-पश्चिमी झारखंड में बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है। सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, गुमला और खूंटी में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और बोकारो समेत कई जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के राज्य स्तरीय बुलेटिन में 24 सितंबर के लिए बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
25 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी झारखंड में बारिश
25 सितंबर को बारिश का प्रभाव राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे उत्तर-मध्य हिस्सों में अधिक रह सकता है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के साथ हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी-तूफान के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। जलभराव वाले रास्तों, कमजोर पुलों और बिजली के खंभों या तारों के आसपास जाने से बचना चाहिए। तेज बारिश के दौरान मौसम संबंधी स्थानीय अपडेट पर नजर रखना जरूरी है।