Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

रांची रेल मंडल में पहली बार इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट कर्मचारियों ने दिखाया दम

रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल में कर्मचारियों के बीच खेल भावना, टीम स्पिरिट और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार ‘इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को हटिया स्थित हॉकी स्टेडियम में इस खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ।

स्पोर्ट्स मीट का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष/SERSA रांची करुणा निधि सिंह और सर्वो रांची की अध्यक्षा निधि सिंह ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद थीम सॉन्ग पर सांस्कृतिक प्रस्तुति ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

ढोल की थाप पर हुआ मार्च पास्ट

उद्घाटन समारोह के दौरान रांची रेल मंडल के विभिन्न विभागों से शामिल हुई टीमों ने स्काउट एवं गाइड के ढोल की ताल पर मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने SERSA रांची के प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया। इसके बाद सभी प्रतिभागी दलों का परिचय कराया गया।

गुब्बारे उड़ाकर इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट के आधिकारिक शुभारंभ की घोषणा की गई। कार्यक्रम में मौजूद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

100 मीटर दौड़ में महिला-पुरुष कर्मचारियों ने लिया हिस्सा

स्पोर्ट्स मीट के उद्घाटन अवसर पर विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिला और पुरुष रेल कर्मचारियों के लिए 100 मीटर दौड़ कराई गई, जबकि पुरुष कर्मचारियों के लिए 400 मीटर रिले दौड़ का आयोजन हुआ। अलग-अलग विभागों से आए रेल कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। ट्रैक पर उतरने वाले प्रतिभागियों में बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

खेल से बढ़ता है अनुशासन और टीम भावना

उद्घाटन के दौरान मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष/SERSA रांची करुणा निधि सिंह ने सभी खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल कर्मचारियों में अनुशासन, टीम भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

पहली बार सभी विभागों के कर्मचारियों को मिला साझा मंच

रांची मंडल में पहली बार आयोजित इस इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट के जरिए अलग-अलग विभागों में कार्यरत रेल कर्मचारियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और टीम भावना को मजबूत करना भी है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में सर्वो रांची की उपाध्यक्षा अजीता रानी, अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सह मंडल क्रीड़ा अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्रेया सिंह समेत रांची रेल मंडल के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

स्पोर्ट्स मीट को लेकर रेल कर्मचारियों में खासा उत्साह है और आने वाले मुकाबलों में विभिन्न विभागों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top