Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

बीआईटी मेसरा हॉस्टल में एमएससी छात्रा की मौत डायरी में पारिवारिक परेशानी का जिक्र पुलिस जांच में जुटी…

रांची: राजधानी रांची स्थित बीआईटी मेसरा के हॉस्टल में एमएससी फिजिक्स की छात्रा अंजली सुमन की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात हॉस्टल नंबर-9 में छात्रा अपने कमरे में मृत पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही बीआईटी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस को छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि, जांच के दौरान एक डायरी बरामद हुई है, जिसमें छात्रा ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया है। पुलिस डायरी में दर्ज बातों और अन्य परिस्थितियों को जांच का हिस्सा मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर हुआ शक

जानकारी के अनुसार, अंजली सुमन शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद अपने हॉस्टल के कमरे में चली गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह कमरे से बाहर नहीं आई, तो हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं को संदेह हुआ।
इसके बाद छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। कमरे की जांच करने पर अंजली मृत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर बीआईटी ओपी की टीम मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की।

कमरे से मिली डायरी, पारिवारिक परिस्थितियों की जांच

पुलिस के मुताबिक, कमरे की तलाशी के दौरान एक डायरी मिली है। इसमें अंजली ने अपने पारिवारिक हालात और उनसे जुड़ी परेशानियों का उल्लेख किया है। पुलिस इन तथ्यों की पुष्टि के लिए छात्रा के परिजनों और उसके साथ हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं से पूछताछ कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

शनिवार को होगा पोस्टमार्टम

पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बताया कि फिलहाल यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस छात्रा के परिजनों और हॉस्टल की अन्य छात्राओं से आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
अंजली सुमन झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली थी। घटना के बाद बीआईटी मेसरा परिसर में शोक का माहौल है।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top