रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी समिति का गठन कर लिया गया है। मंगलवार शाम नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति की बैठक में तुलसी पटेल को सर्वसम्मति से झारखंड चैंबर का अध्यक्ष चुना गया। बैठक चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा की अध्यक्षता में हुई।
बैठक के दौरान चुनाव पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी और राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों एवं प्रोफेशनल्स के हित में समर्पित भाव से काम करने का आह्वान किया।
नई टीम में इन्हें मिली जिम्मेदारी
सत्र 2026-27 के लिए गठित नई टीम में विकास विजयवर्गीय और रोहित पोद्दार को उपाध्यक्ष, रोहित अग्रवाल को महासचिव, अमित शर्मा और पूजा ढाढा को सह सचिव तथा नवजोत अलंग को कोषाध्यक्ष चुना गया। बैठक के बाद चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल समेत सभी पदाधिकारियों को पदभार सौंपा।
तुलसी पटेल ने जताया सदस्यों का आभार
अध्यक्ष चुने जाने के बाद तुलसी पटेल ने व्यापार और उद्योग जगत से मिले सहयोग एवं समर्थन के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि चैंबर को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी सदस्यों, व्यापारियों और उद्यमियों के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।
उन्होंने झारखंड चैंबर के स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष स्व. राय बहादुर हरक चंद जैन और संस्थापक सचिव स्व. एआर बुधिया के प्रति श्रद्धापूर्वक कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संस्थापकों की दूरदृष्टि और प्रयासों से स्थापित यह संस्था आज राज्य के व्यापारियों और उद्यमियों की सशक्त आवाज बन चुकी है।
सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय पर जोर
तुलसी पटेल ने कहा कि संस्थापकों की सोच, परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाते हुए चैंबर को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े मामलों के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। साथ ही उन्होंने चैंबर के सभी सदस्यों से इस उद्देश्य में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में ये सदस्य रहे मौजूद
बैठक में अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय और रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा और पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग के अलावा कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, डॉ. अभिषेक रामाधीन, प्रवीण लोहिया, विनीता सिंघानिया, राम बांगड़, मनीष जैन, निधि झुनझुनवाला, आस्था किरण, अमित अग्रवाल, राहुल साबू, अनिल अग्रवाल, अमित किशोर और मोनिका गोयनका मौजूद रहे।