Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

जमशेदपुर में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की समीक्षा बैठक जनजातीय हितों से जुड़े मामलों पर पन्द्रह दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश…

जमशेदपुर: 10 सितंबर 2026: राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनजातीय समुदाय और UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग ने संबंधित मामलों में आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश UCIL के अधिकारियों को दिए।

बैठक में UCIL के CMD डॉ. के. आनंद राव, निदेशक बी.के. दास सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पदाधिकारी मौजूद रहे।

जादूगोड़ा के प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थल निरीक्षण

समीक्षा बैठक से पहले NCST के आठ सदस्यीय दल ने डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिले के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र का दौरा किया। आयोग की टीम ने मेचुआ, इचरा सहित आसपास के क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने आयोग के समक्ष प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, विस्थापित परिवारों के रोजगार और उचित मुआवजे तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। आयोग ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा

समीक्षा बैठक में UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से जुड़े कई सेवा संबंधी मामलों पर भी चर्चा हुई। इसमें रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास और अन्य सेवा संबंधी समस्याओं की स्थिति की समीक्षा की गई।

डॉ. आशा लकड़ा ने जनजातीय कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने UCIL के CMD और वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि जनजातीय समुदाय और कर्मचारियों से जुड़े सभी लंबित मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

15 दिनों के भीतर आयोग को देनी होगी रिपोर्ट

NCST ने बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए। UCIL अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है। आयोग ने निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top