Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

सुपौल में कीर्तन के बीच मचा कोहराम बेकाबू कार ने श्रद्धालुओं को कुचला

सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार की देर रात झूलन पर्व के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया गोठ चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास भजन-कीर्तन में जुटे श्रद्धालुओं के बीच अचानक तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, कटैया चौक स्थित मंदिर के पास झूलन पर्व को लेकर श्रद्धालु भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग पर तेज गति से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे निकल गई।

हादसे में चार श्रद्धालुओं ने गंवाई जान

घटना में कटैया वार्ड नंबर 11 निवासी भुवनेश्वर यादव, वार्ड नंबर 12 निवासी तीलाय दास और राजो दास तथा वार्ड नंबर 15 निवासी सुरेन यादव की मौत हुई है।

वहीं रामचंद्र यादव और कृष्ण मोहन साह गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को सदर अस्पताल, सुपौल पहुंचाया।

हादसे के बाद कार छोड़कर भागने की कोशिश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों को टक्कर मारने के बाद चालक कार लेकर मौके से निकल गया। कुछ दूरी पर उसने वाहन को एक गैरेज में घुसा दिया। गनीमत रही कि उस समय गैरेज में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।

गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

चार लोगों की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। लोगों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग पर आवागमन रोक दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

ग्रामीण दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके अलावा सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू और साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

चालक को परिवार समेत घर में बंद करने की बात

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसे उसकी पत्नी व दो बच्चों के साथ कथित तौर पर एक घर में बंद कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद चालक को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण स्थिति बिगड़ती रही।

बताया जा रहा है कि कार चालक सुपौल का ही रहने वाला है और हादसे के वक्त अपनी पत्नी तथा दो बच्चों के साथ सुपौल लौट रहा था।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top