रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले से शनिवार सुबह बड़ी औद्योगिक दुर्घटना की खबर सामने आई है। बरकाकाना थाना क्षेत्र के हेहल स्थित सीमेंट एंड इस्पात के पावर प्लांट में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में प्लांट में काम कर रहे तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है।

ओवरहीटिंग के बाद ब्लास्ट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पावर प्लांट में अत्यधिक तापमान के कारण सिस्टम पर असर पड़ने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि प्रोटेक्शन सिस्टम फेल होने और टर्बाइन के ओवरस्पीड होने के बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
बरकाकाना थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा ने बताया कि फैक्ट्री में काम करने के दौरान तीन कर्मियों की मौत हुई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
तीन इंजीनियरों की मौत, एक गंभीर
हादसे में जिन इंजीनियरों की मौत की सूचना है, उनमें बोकारो के जागेश्वर विहार निवासी विनीत महतो, धनबाद के संजीव केसरी और गढ़वा के नगर उंटारी निवासी अभिषेक पांडेय शामिल हैं। वहीं, हजारीबाग के तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
कंट्रोल रूम की गर्मी को लेकर पहले से शिकायत का दावा
हादसे के बाद कर्मचारियों ने प्लांट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कर्मचारियों का दावा है कि पावर प्लांट के कंट्रोल रूम में तापमान लगातार बढ़ रहा था और एसी खराब होने के कारण काम करने में परेशानी हो रही थी।
कर्मचारियों के अनुसार, इस समस्या की जानकारी कई बार प्रबंधन और अधिकारियों को दी गई थी। तापमान की रीडिंग लेकर प्रबंधन को भेजे जाने का भी दावा किया गया है। इसके बावजूद कूलिंग व्यवस्था दुरुस्त नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।
जांच और मुआवजे की मांग
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है। कर्मचारियों और मजदूरों में घटना को लेकर आक्रोश है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और घायल इंजीनियर के बेहतर इलाज की मांग की है।