रांची: झारखंड विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने 12 अगस्त को विधानसभा के कुछ कर्मचारियों को फोन कर धमकी दी और उन्हें विधानसभा नहीं जाने की बात कही। मामले में अब 20 अगस्त को विधानसभा थाना में FIR दर्ज की गई है।

धमकी के बाद विधानसभा परिसर की जांच
पुलिस को मामले की जानकारी 20 अगस्त को मिली। इसके बाद रांची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा परिसर की सुरक्षा जांच कराई। बम निरोधक दस्ते (BDS) ने पूरे परिसर को बारीकी से खंगाला और संभावित स्थानों की जांच की। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
रांची पुलिस के वरीय अधिकारियों के अनुसार, धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी टीम को लगाया गया है। पुलिस कॉल की डिटेल खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी किसने दी और इसके पीछे क्या मकसद था।
पहले भी मिल चुकी हैं सरकारी संस्थानों को धमकियां
रांची में सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले सिविल कोर्ट, डीसी कार्यालय और पासपोर्ट कार्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों को भी धमकियां मिल चुकी हैं।
इन मामलों में कई बार BDS टीम ने जांच की, लेकिन जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और धमकियां अफवाह साबित हुईं। अधिकांश मामलों में धमकी ईमेल के जरिए भेजे जाने की बात सामने आई थी।
विधानसभा से जुड़ा यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां फोन कॉल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब कॉल करने वाले व्यक्ति तक पहुंचने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने में जुटी है।