Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट रांची समेत कई जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार, 8 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी रांची समेत कई जिलों के लिए बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, हजारीबाग, रांची, कोडरमा, चतरा, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, बोकारो और रामगढ़ में कुछ स्थानों पर जोरदार बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। निचले इलाकों में अचानक जलभराव और फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति का खतरा बना हुआ है।

रांची में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रांची में शनिवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। शहर का न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अधिक नमी के कारण मौसम ठंडा और सुहावना बना रहेगा। रांची में शुक्रवार को करीब 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। इस दौरान अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22 से 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

9 अगस्त को भी बारिश का असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 अगस्त को भी राज्य में बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं 10 और 11 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान भारी बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन कई इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त तक झारखंड में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

किसानों के लिए राहत, शहरों में जलभराव की चिंता

लगातार हो रही बारिश खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश के कारण निचले इलाकों, शहरी क्षेत्रों और जलनिकासी की समस्या वाले स्थानों पर जलभराव की परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने और मौसम खराब होने पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top