
रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी जेपीएससी प्रकरण को लेकर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। शुक्रवार को एनडीए विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायक नीरा यादव ने राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से प्रतिनिधिमंडल बनाए जाने के बावजूद सरकार उनसे वार्ता नहीं कर रही है। नीरा यादव ने झारखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब तक झारखंड के छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक विपक्ष का विरोध जारी रहेगा।

वहीं, आजसू पार्टी के विधायक तिवारी महतो ने मामले को लेकर सरकार पर और तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफा देने और जांच में सहयोग करने की मांग की। साथ ही उन्होंने झारखंड में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की मांग भी कर दी।
तिवारी महतो ने जेपीएससी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आयोग की सदस्य को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जेपीएससी अनियमितता की सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।
जेपीएससी विवाद को लेकर विधानसभा के बाहर विपक्ष का यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है, जब छात्र लगातार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा विधानसभा के अंदर और बाहर और गरमाने के आसार हैं।